*जल सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम*
*जैसलमेर में 270 करोड़ की रिजर्वायर योजना का निरीक्षण*
*समयबद्धता एवं गुणवत्ता पर सख्त निर्देश, अधिकारियों की अहम बैठक*
जैसलमेर 14 अप्रैल। मरुस्थलीय क्षेत्र जैसलमेर में जल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों ने विभिन्न जल परियोजनाओं का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण दल का नेतृत्व कर रहे विवेक गोयल ने जैसलमेर जोन के अधिकारियों के साथ असूतार वितरण कार्यों एवं सागरमल गोपा (एसएमजी) ब्रांच से जुड़ी प्रस्तावित योजनाओं का विस्तृत जायजा लिया।
*1600 MCFT क्षमता का आधुनिक बैलेंसिंग रिजर्वायर प्रस्तावित*
निरीक्षण के दौरान एसएमजी नहर के आर.डी. 47 पर प्रस्तावित 270 करोड़ की लागत वाली एस्केप/बैलेंसिंग रिजर्वायर योजना का स्थल अवलोकन किया गया। लगभग 1600 MCFT क्षमता वाला यह रिजर्वायर नहर के अतिरिक्त बहने वाले पानी के प्रभावी संग्रहण और उपयोग को सुनिश्चित करेगा।
योजना के तहत 8.5 किमी लंबा फीडर चैनल एवं 16 किमी लंबा लिंक चैनल निर्माण प्रस्तावित है, जिससे संग्रहित जल को एसबीएस नहर तक पहुंचाया जाएगा। इससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और कृषि सिंचाई को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।
*समीक्षा बैठक में दिए स्पष्ट निर्देश*
निरीक्षण से पूर्व रामगढ़ में अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण एवं स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।
विवेक गोयल ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की स्वीकृति एवं दस्तावेजी प्रक्रियाएं प्राथमिकता से पूर्ण की जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध रूप से पहुंच सके।
*ये अधिकारी रहे उपस्थित*
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता (सतर्कता QC) सुनील कटारिया, अधीक्षण अभियंता रामावतार मीणा, मधुसूदन राजोत, संदीप भाटी (QC] अधिशाषी अभियंता चैनाराम, भाग्यशाली मीणा, सुनील सहित संबंधित अधिकारी एवं संवेदक मौजूद रहे।
चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर *–000–*
