*खरीफ सीजन से पहले उर्वरक व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश, कालाबाजारी पर *सख्ती*

*खरीफ सीजन से पहले उर्वरक व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश, कालाबाजारी पर *सख्ती*
जैसलमेर, 15 अप्रैल। आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यालय संयुक्त निदेशक, कृषि विस्तार, जिला परिषद जैसलमेर में आदान विक्रेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कृषि विभाग के सहायक निदेशक महावीर प्रसाद ने कहा कि किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उत्पादन में वृद्धि के साथ उर्वरकों की उपलब्धता भी सहज बनी रहे। उन्होंने यूरिया एवं डीएपी के साथ-साथ नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, एसएसपी, एनपीके एवं बायो-फर्टिलाइजर के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए हरी खाद, गोबर खाद एवं वर्मी कम्पोस्ट के प्रयोग को अपनाने की अपील की।
उन्होंने निर्देश दिए कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी या डायवर्जन में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी आदान विक्रेता के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कृषि अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने सभी विक्रेताओं को अपने अनुज्ञा पत्र एवं अभिलेखों को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी सीजन के लिए कीटनाशी, उर्वरक एवं बीज से संबंधित सभी आवश्यक प्रपत्रों को समय पर अपडेट कराने पर बल दिया।
बैठक में उपस्थित आदान विक्रेताओं ने उर्वरक प्रबंधन एवं वितरण को लेकर पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाते हुए विभागीय निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।।
चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *