सीकर में सुसाइड करने वाले नीट स्टूडेंट के परिवार ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। आधे घंटे की मुलाकात के दौरान परिवार के साथ सीकर कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर भी मौजूद था।
हिस्ट्रीशीटर का नाम गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से भी जुड़ा था। हत्या, मारपीट के 14 मामले दर्ज हैं। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने इस मामले पर कोई जानकारी होने से मना कर दिया।
वहीं राहुल गांधी ने परिवार से कहा कि हमारी सरकार नहीं है, फिर भी हम न्याय जरूर दिलवाएंगे। उन्होंने स्टूडेंट की बहन के सिर पर हाथ रखा और कहा- ये मेरी भी बहन है।
झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी इलाके का रहने वाले प्रदीप माहिच ने नीट परीक्षा रद्द होने पर सुसाइड कर लिया था। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ पिछले दिनों परिवार से मिलने गए थे। तब राहुल गांधी से फोन पर बात करवाई थी।
इसके बाद मंगलवार (26 मई) देर रात प्रदीप के पिता राजेश माहिच के पास कॉल आया और कहा था कि राहुल गांधी ने उन्हें मिलने के लिए दिल्ली बुलाया है। प्रदीप के पिता राजेश, बहन बबीता, चचेरा भाई विजेंद्र माहिच, श्रवण कांटीवाल और हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया दिल्ली पहुंचे।
राहुल गांधी ने प्रदीप की बहन बबीता के सिर पर हाथ रखकर कहा कि ये मेरी भी बहन है। प्रदीप के परिवार को न्याय जरूर मिलेगा। हमारी सरकार नहीं है तो भी न्याय जरूर दिलवाएंगे।
परिवार के साथ हिस्ट्रीशीटर का होना चर्चा में
परिवार के साथ सीकर कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया भी था। राजेश पर 2004 से लेकर 2024 तक कुल 14 मुकदमे दर्ज है, इसमें हत्या, मारपीट, राजकार्य में बाधा जैसे कई मामले हैं। रोहित गोदारा गैंग से भी राजेश का नाम जुड़ा था।
विनोद जाखड़ का कहना है कि परिवार ने अपने साथ आए लोगों को रिश्तेदार होना बताया था। हमारा मकसद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और जिनके साथ अन्याय हुआ है, उन्हें इंसाफ दिलाना है।
दरअसल, प्रदीप ने नीट परीक्षा रद्द होने के बाद 15 मई को सीकर में सुसाइड किया था। हालांकि उसके पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। परिवार का कहना था कि प्रदीप का यह तीसरा अटेम्प्ट था। इस बार उसके 650 प्लस नंबर बन रहे थे। लेकिन परीक्षा रद्द होने की वजह से आहत होकर प्रदीप ने सुसाइड किया था। परिवार ने सीकर के एसके हॉस्पिटल में करीब 26 घंटे से ज्यादा धरना भी दिया था।
