जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर दमदार प्रदर्शन*

चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो प्रमुख जैसलमेर *जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर दमदार प्रदर्शन*

*पांच खिलाड़ियों ने किया राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व, संस्कार सैनी रहे कप्तान*

*राजस्थान ने जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक*

जैसलमेर, 30 मई। भारतीय बास्केटबॉल महासंघ एवं पुडुचेरी बास्केटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में पुदुचेरी में 22 से 29 मई 2026 तक आयोजित 76वीं जूनियर राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान बालक वर्ग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। कांस्य पदक मुकाबले में राजस्थान ने संघर्षपूर्ण मैच में चंडीगढ़ को 85-78 अंकों से पराजित कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

इस महत्वपूर्ण जीत में जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी के खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद रज़ा ने सर्वाधिक 27 अंक अर्जित किए, जबकि मनीष कुमार माल ने 19 एवं भूपेंद्र सिंह राठौड़ ने 12 अंकों का योगदान देकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

जिला खेल अधिकारी एवं राजस्थान टीम के मुख्य प्रशिक्षक राकेश बिश्नोई ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी के पांच खिलाड़ियों जिसमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद रज़ा, राष्ट्रीय स्तर के स्वर्ण पदक विजेता मनीष कुमार माल, संस्कार सैनी, भूपेंद्र सिंह राठौड़ एवं रूपेश सैनी ने किया। विशेष गौरव की बात यह रही कि राजस्थान टीम की कप्तानी भी अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी संस्कार सैनी ने संभाली।

*लगातार दस वर्षों से पदक विजेता बनी हुई है राजस्थान टीम*

राकेश बिश्नोई ने बताया कि राजस्थान की जूनियर बालक बास्केटबॉल टीम वर्ष 2017 से लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल कर रही है। उनके निर्देशन में राजस्थान ने वर्ष 2023 में भुवनेश्वर (ओडिशा) में रजत पदक एवं वर्ष 2024 में इंदौर (मध्यप्रदेश) में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया था। इस वर्ष कांस्य पदक जीतकर टीम ने अपनी शानदार परंपरा को बरकरार रखा है।

राजस्थान टीम के मुख्य प्रशिक्षक राकेश बिश्नोई एवं सहायक प्रशिक्षक हिरेंद्र सिंह भी जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी से रहे। अकादमी के सभी खिलाड़ी पीएम श्री अमर शहीद सागरमल गोपा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जैसलमेर के नियमित विद्यार्थी हैं।

राजस्थान टीम की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के सचिव राजकेश मीना, मुख्य खेल अधिकारी वीरेंद्र पूनिया, अकादमी प्रभारी रणविजय सिंह चंपावत, राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़, सचिव गेमर सिंह सोढा एवं पीएम श्री अमर शहीद सागरमल गोपा विद्यालय के प्राचार्य सुनील बोहरा ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक राकेश बिश्नोई को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह उपलब्धि जैसलमेर की खेल प्रतिभाओं के निरंतर उभरते सामर्थ्य का प्रमाण है एवं प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *