जैसलमेर तनोट वितरिका के ई.आर.एम. कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश*

*तनोट वितरिका के ई.आर.एम. कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश*

जैसलमेर, इन्दिरा गांधी नहर परियोजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं अंतिम छोर तक पानी की सुचारु आपूर्ति के उद्देश्य से राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रगतिरत कार्यों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को अतिरिक्त सचिव एवं मुख्य अभियन्ता, जल संसाधन विभाग राजस्थान, जयपुर अमरजीत सिंह मेहरड़ा ने जैसलमेर जिले के रामगढ़ क्षेत्र स्थित तनोट वितरिका पर चल रहे ई.आर.एम. कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता आर. के. मीणा, अधीक्षण अभियन्ता मधुसूदन रजोत, अधिशाषी अभियन्ता सुनील सहित संबंधित संवेदक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण उपरांत अतिरिक्त सचिव एवं मुख्य अभियन्ता मेहरड़ा ने संवेदकों एवं फील्ड अभियन्ताओं को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की मंशानुसार कार्यों को उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि जैसलमेर जिले के काश्तकारों को अधिकतम लाभ मिल सके।

उन्होंने आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों में तराई (क्योरिंग) की प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, जिससे संरचनाओं की मजबूती एवं दीर्घायु सुनिश्चित हो सके।

राज्य सरकार द्वारा नहर परियोजना के माध्यम से अंतिम छोर तक पानी पहुँचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से क्षेत्र के किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है तथा सिंचाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *