अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई:दो वाहन (ट्रेलर व डंपर)जब्त

अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: दो वाहन (ट्रेलर व डम्पर) जब्त
जिला पुलिस व खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
शम्भू दयाल व्यास, ब्यावर
ब्यावर 28 अप्रैल।जिला पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। कार्रवाई के दौरान बजरी से भरे दो वाहन—एक ट्रेलर और एक डम्पर—जब्त किए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा व वृताधिकारी राजेश कसाना के सुपरविजन में अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 25 अप्रैल को संयुक्त टीम ने ट्रेलर (आरजे 23 जीबी 5581) को रोककर जांच की। वाहन में बजरी भरी हुई थी, लेकिन चालक द्वारा वैध रॉयल्टी (रवन्ना) के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर खनिज विभाग ने वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया।
इसके बाद 28 अप्रैल को एक अन्य कार्रवाई में बिना नंबर के डम्पर को रोका गया। जांच में सामने आया कि डम्पर में बजरी भरी हुई थी और चालक के पास वैध दस्तावेज नहीं थे। वाहन की पहचान चेसिस नंबर MAT777012N3A00139 से की गई। खनिज विभाग ने इसे भी मौके पर जब्त कर लिया।
दोनों वाहनों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में जिला पुलिस एवं खनिज विभाग के अधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *