*मिलावटी पेट्रोलियम के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्यवाही, 4000 लीटर से अधिक डीजल-पेट्रोल जब्त*
शम्भू दयाल व्यास,ब्यावर
ब्यावर, 28 अप्रैल। खाद्य विभाग के आदेशों एवं माननीय जिला कलक्टर महोदय के निर्देशों की अनुपालना में आज जिले में मिलावटी पेट्रोलियम पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई। प्राप्त सूचना के आधार पर जिला रसद अधिकारी ने प्रवर्तन दल एवं पुलिस थाना बार के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में मिलावटी डीजल एवं पेट्रोल जब्त किया।
यह कार्यवाही उप तहसील बार स्थित शेखावास चौराहा पर देव भोजनालय परिसर में की गई, जहां अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थों का भंडारण एवं विक्रय किया जा रहा था। जांच के दौरान मौके से कुल 3860 लीटर मिलावटी डीजल एवं 180 लीटर मिलावटी पेट्रोल, जो 21 ड्रमों में संग्रहित था, जब्त किया गया।
इसके साथ ही मौके से एक 1 H.P. LUBI मोटर, विभिन्न प्रकार के 5 माप उपकरण तथा एक टाटा 407 वाहन (रजिस्ट्रेशन नं. RJ-06 GD 9494) भी बरामद किया गया।
कार्यवाही के दौरान आरोपी कन्हैया लाल खाती (निवासी ग्राम राछोड़ा, तहसील आसीन्द, जिला भीलवाड़ा) को चिन्हित किया गया, जो बिना किसी वैध अनुमति एवं दस्तावेजों के पेट्रोलियम पदार्थों का अवैध भंडारण एवं विक्रय कर रहा था। जांच में पाया गया कि आरोपी द्वारा सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी करते हुए आमजन के जीवन को खतरे में डाला जा रहा था।
आरोपी का यह कृत्य MS/HSD आदेश 2005 एवं पेट्रोलियम पदार्थों से संबंधित नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। जब्त की गई समस्त सामग्री को पुलिस थाना बार की सुपुर्दगी में दे दिया गया है तथा प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है।
इस संयुक्त कार्यवाही में जिला रसद अधिकारी अब्दुल सादिक, प्रवर्तन अधिकारी सोहन सिंह चौहान, प्रवर्तन निरीक्षक विकामा मथुरिया तथा थाना अधिकारी समजीदा बानों मय पुलिस जाब्ता उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मिलावटखोरी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्यवाहियां निरंतर जारी रहेंगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
