*तीन दिवसीय सघन निरीक्षण में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा, एचपीवी टीकाकरण शिविर की सराहना*
शम्भू दयाल व्यास , ब्यावर
ब्यावर 2 मई। जिला प्रभारी अधिकारी डॉ. प्रदीप चौधरी ने 30 अप्रैल से 2 मई 2026 तक जिले में तीन दिवसीय सघन निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान हीट वेव एवं लू तापघात प्रबंधन के तहत मरीजों के लिए अलग बेड व्यवस्था, छाया-पानी की उपलब्धता, डेडिकेटेड एम्बुलेंस, दवाइयों एवं पेयजल की स्थिति का गहन विश्लेषण किया गया।
उन्होंने जिले में मौसमी बीमारियों की स्थिति, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत कार्यक्रम तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति का भी विस्तृत मूल्यांकन किया। इस दौरान चिकित्सा संस्थानों में निःशुल्क दवा एवं जांच योजना, वार्डों एवं स्टोर का भौतिक सत्यापन किया गया तथा साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता एवं उपयोगिता की भी जांच कर आवश्यक दिशानिर्देश प्रदान किए गए।
जिला चिकित्सालय (अमृत कोर) ब्यावर के आईसीयू का गैप एनालिसिस कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं उपजिला चिकित्सालय रायपुर, जैतारण एवं बिजयनगर का निरीक्षण कर सभी मरीजों को मूलभूत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अंतिम दिन 2 मई को अग्रवाल माधोपुरिया पंचायत, ब्यावर द्वारा आयोजित एचपीवी वैक्सीनेशन कैम्प का भी अवलोकन किया गया। डॉ. चौधरी ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से एचपीवी वैक्सीन के प्रति समाज में फैली भ्रांतियां दूर होंगी और अन्य समाज भी प्रेरित होंगे।
सांयकाल जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की गई। बैठक में सेल्फ मॉनिटरिंग ओडीके ऐप के उपयोग, फील्ड वर्कर्स (आशा, सीएचओ, एएनएम) द्वारा आउटरिच आईएचएमआईएस के प्रभावी उपयोग तथा आईसीयू गैप एनालिसिस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को जिले की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराने के लिए भी निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत की उपस्थिति में जिले में संचालित योजनाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
