*मारपीट कर वीडियो वायरल करने के मामले में दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार*
शम्भू दयाल व्यास , ब्यावर
ब्यावर, 2 मई। गंभीर मारपीट कर वीडियो वायरल करने के चर्चित मामले में थाना साकेतनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी थाना हाजा के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल थे।
जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (आई.पी.एस.) के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा एवं वृत्ताधिकारी राजेश कसाना के सुपरविजन में साकेतनगर थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार प्रकरण संख्या 133/2026 में आरोपी नरेंद्र सिंह (21) निवासी जेतपुरा, थाना बर, जिला ब्यावर एवं सुखदेव सिंह (22) निवासी रामगढ़, थाना सेंदड़ा, जिला ब्यावर घटना के बाद से फरार थे, जिन्हें 2 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया।
*घटना विवरण*
पुलिस के अनुसार 14 अप्रैल 2026 की रात ब्यावर बायपास स्थित खंडेला चौराहा के पास एक होटल पर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक के साथ गंभीर मारपीट की थी। इस दौरान घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। पूछताछ के आधार पर फरार दोनों मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।
*आपराधिक रिकॉर्ड*
पुलिस के अनुसार आरोपी नरेंद्र सिंह के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें मारपीट व अन्य धाराएं शामिल हैं, जबकि आरोपी सुखदेव सिंह के खिलाफ पूर्व में कोई गंभीर मामला दर्ज नहीं है।
इस कार्रवाई में थाना साकेतनगर पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
