अग्रवाल के बयान पर कांग्रेस में रोष, नेताओं ने की कड़ी निंदा
शम्भू दयाल व्यास
ब्यावर30 अप्रैल ।राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पारस पंच द्वारा जारी बयान में भाजपा नेता राधा मोहन अग्रवाल के हालिया वक्तव्य की कड़ी निंदा की गई है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग निंदनीय है और यह राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है।
पारस पंच ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार व्यक्तिगत टिप्पणियां करना उनकी घटती राजनीतिक समझ को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट एक युवा और लोकप्रिय नेता हैं, जिनकी छवि स्वच्छ एवं जनसेवा के प्रति समर्पित रही है। ऐसे में इस प्रकार की बयानबाजी से भाजपा की हताशा साफ झलकती है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार को जनहित के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन वह लगातार ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के बयान दे रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन में इस बयान को लेकर भारी रोष है।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी अग्रवाल के बयान की निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया। उन्होंने मांग की कि भाजपा नेतृत्व इस प्रकार की भाषा पर अंकुश लगाए और सार्वजनिक जीवन में शालीनता बनाए रखें।
