पत्नी के बार-बार पीहर जाने की कहने से नाराज पति ने चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद शव को कार में डालकर जयपुर से 250 किलोमीटर दूर कोटा ले गया था। परिजनों को गुमराह करने के लिए उनसे कहा कि तबीयत खराब होने से उसकी मौत हो गई है।
घटना 22 अप्रैल की जयपुर के प्रतापनगर थाना इलाके की है। रविवार को मेडिकल जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की दम घुटने से मौत हुई थी। महिला के गले पर दबाव और घोंटने के स्पष्ट निशान मिले हैं।
प्रतापनगर थानाधिकारी पूरणमल ने बताया- जांच में सामने आया कि वीरेंद्र लोधी (40) और उसकी पत्नी मीरा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन दोनों के बीच झगड़े होते थे।
मीरा पीहर जाना चाहती थी, लेकिन पति इसके लिए मना करता था। 22 अप्रैल को हुए विवाद के दौरान गुस्से में आकर वीरेंद्र ने पहले मीरा से मारपीट की, फिर चुन्नी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने मामले को छुपाने के लिए साजिश रची। उसने दोनों बच्चों (11 साल का बेटा और 3 साल की बेटी) को कार की आगे की सीट पर बैठाया। कार में पीछे की सीट पर पत्नी के शव को रखकर जयपुर से कोटा पहुंच गया।
इस दौरान उसने रास्ते से ससुराल पक्ष को फोन कर बताया था कि मीरा की तबीयत खराब है। वह उसे डॉक्टर के पास ले जा रहा है। कुछ समय बाद उसने दोबारा फोन कर मौत की सूचना दी और फिर फोन उठाना बंद कर दिया था।
आरोपी वीरेंद्र और मीरा की 15 साल पहले शादी हुई थी। उसके परिजन कोटा में रहते हैं। शादी के 15-20 दिन बाद ही दोनों जयपुर शिफ्ट हो गए थे। जयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में आबकारी थाने के पास रॉयल ग्रीन मल्टी स्टोरी में रहने लगे। वीरेंद्र का विदेश से माइनिंग पाट्र्स मंगवा कर बेचने का बिजनेस है।
मीरा के परिजन रतलाम (मध्य प्रदेश) में रहते हैं। मीरा के भाई केशव ने बताया- ‘वीरेंद्र ने मुझे फोन करके कहा कि तुम्हारी बहन की मौत हो गई है। मैंने कहा कि आप जयपुर में ही रुकिए, हम लोग आ रहे हैं। लेकिन उसने हमारी बात नहीं मानी और कोटा चला गया। वह लगातार फोन काटता रहा, जिससे शक और गहरा हो गया। कोटा पहुंचने पर जब शव देखा गया तो गले पर चुन्नी से दबाने के निशान स्पष्ट थे।’
फिलहाल दोनों बच्चे आरोपी के पिता पुरुषोत्तम लोधी के पास रह रहे हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।जयपुर के प्रताप नगर इलाके में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक पति पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी पति शव को कार में डालकर कोटा ले आया और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की।
