अवैध हथियार रखने वाले के खिलाफ साकेतनगर थाना पुलिस की कार्रवाई, मुलजिम गिरफ्तार
शम्भू दयाल व्यास , ब्यावर
ब्यावर 2 मई। अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना साकेतनगर पुलिस ने एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध पिस्टल बरामद की है।
जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह आई.पी.एस. के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी ब्यावर के सुपरविजन में साकेतनगर थाना पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार आरोपी मुलजिम रमेश (25) पुत्र हीरालाल, निवासी कोटड़ा, थाना जवाजा, जिला ब्यावर, पुलिस थाना हाजा के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस टीम ने दिनांक 2 मई 2026 को गश्त के दौरान सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना साकेतनगर पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम के अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
