कोटा में कोचिंग छात्र ने फांसी लगाकर दी जान:पीजी के कमरे में फंदे से लटका मिला,उत्तर प्रदेश से इंजीनियरिंग की तैयारी करने आया था

कोटा में एक बार फिर कोचिंग छात्र के सुसाइड करने का मामला सामने आया है। जवाहर नगर थाना क्षेत्र के पुराने राजीव गांधी नगर स्थित एक पीजी में रह रहे 17 वर्षीय कोचिंग छात्र ने बुधवार देर रात अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को नीचे उतारकर जांच शुरू की।

जवाहर नगर के ASI जवाहरलाल ने बताया कि मृतक की पहचान आर्यन ओझा (17) पुत्र कृपा शंकर ओझा निवासी संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आर्यन फरवरी 2026 में कोटा आया था और यहां रहकर इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था

बुधवार रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली कि छात्र ने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमबीएस अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखवा दिया है।

शुरूआती जांच में सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस छात्र के कमरे और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। मौके से किसी सुसाइड नोट की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

जवाहर नगर थाना पुलिस ने छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजन गुरुवार दोपहर बाद कोटा पहुंचेंगे। इसके बाद उनकी मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *