जयपुर में 6 मंजिला बिल्डिंग गिराई, जोरदार धमाका:पूरे इलाके में धूल छाई, आसपास के मकान खाली कराए, लाइट बंद

जयपुर के रामगंज क्षेत्र में चीता वालों का मोहल्ला में निर्माण के दौरान एक तरफ झुकी 6 मंजिला बिल्डिंग को नगर निगम ने गुरुवार को गिरा दिया। सुबह 10:18 बजे बिल्डिंग गिरने के साथ ही जोरदार धमाका हुआ।

बिल्डिंग को गिराने से पहले प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए थे। बिल्डिंग के आसपास के रास्तों को बंद कर दिया था। बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी।

आसपास के 10 से 15 मकानों को खाली कराकर वहां रहने वाले लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया था। लाइट बंद कर दी गई थी। इस दौरान रामगंज थाना पुलिस फोर्स तैनात रही।

जैसे ही बिल्डिंग गिरी तो सामने वाली इमारत में भी थोड़ा नुकसान हुआ। इसके साथ ही बिल्डिंग के नजदीक एक पेड़ भी टूट गया।

एक तरफ झुक गई थी

यह 6 मंजिला बिल्डिंग चौकड़ी रामचंद्रजी क्षेत्र के जगन्नाथ शाह के रास्ते में स्थित थी। निर्माण कार्य के दौरान बिल्डिंग के कुछ पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके कारण बिल्डिंग एक ओर झुक गई थी।

बिना परमिशन के बनाई थी बिल्डिंग

नगर निगम किशनपोल जोन उपायुक्त विजेंद्र सिंह ने बताया- 6 मंजिला बिल्डिंग को बिना अनुमति के गैर कानूनी तरीके से यहां बनाया गया था। 9 मई को बिल्डिंग के एक हिस्से में दरार आ गई थी।

उसी दिन इस बिल्डिंग को खाली करा दिया गया था। इसके बाद नगर निगम की टीम ने विशेषज्ञों से राय ली। विशेषज्ञों ने इसे असुरक्षित माना। इसके बाद आज इस बिल्डिंग को गिराया गया।

नगर निगम के अधिकारियों ने कहा- बिल्डिंग गिराने की प्रक्रिया पूरी सावधानी और तकनीकी विशेषज्ञों की निगरानी में की गई। आसपास की इमारतों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया।

बिल्डिंग में 30 से ज्यादा लोग रहते थे

निगम के अधिकारी ने बताया कि यह बिल्डिंग करीब 10 से 15 साल पुरानी थी। इसमें पहले 4 मंजिल बनी हुई थीं। पांचवीं और छठी मंजिल का निर्माण किया जा रहा था।

इस बिल्डिंग में दो दुकान भी थीं। दुकान के शटर में भी बैंड आ गया था। मकान मालिक रईस ने बिल्डिंग के अलग-अलग हिस्सों को कई लोगों को किराए पर दे रखा था। बिल्डिंग में 30 से ज्यादा लोग रहते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *