चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो प्रमुख जैसलमेर *वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान

चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो प्रमुख जैसलमेर *वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान – 2026*

*ज्येष्ठ पूर्णिमा पर निकली वंदे गंगा जल संचय प्रभात फेरी, गड़ीसर सरोवर पर हुआ श्रमदान एवं स्वच्छता कार्यक्रम*

*विधायक भाटी ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को किया रवाना, गड़ीसर पर श्रमदान कर दिया जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश*

जैसलमेर, 31 मई। ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर राज्य सरकार द्वारा संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत रविवार को जैसलमेर में जल संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता को समर्पित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं नगर परिषद जैसलमेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल अमर शहीद सागरमल गोपा गेट से आयोजित भव्य वंदे गंगा जल संचय प्रभात फेरी एवं जनजागरूकता रैली से हुई। जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। इस अवसर पर वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के जिला संयोजक कँवराज सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

प्रभात फेरी में शामिल प्रतिभागियों ने हाथों में जल संरक्षण एवं स्वच्छता संबंधी संदेशों से युक्त तख्तियां लेकर आमजन को जागरूक किया। “जल है तो कल है”, “हर बूंद अनमोल है”, “जल बचाओ-जीवन बचाओ” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। जनजागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ऐतिहासिक एवं पवित्र गड़ीसर सरोवर पहुंची, जहां स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

*गड़ीसर सरोवर पर किया श्रमदान*

ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर ऐतिहासिक गड़ीसर सरोवर पर आयोजित स्वच्छता अभियान में विधायक छोटूसिंह भाटी, जिला संयोजक कँवराज सिंह चौहान, जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट-गाइड, एएनएम प्रशिक्षणार्थियों, पुलिसकर्मियों एवं नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने झाड़ू लगाकर, कचरा एकत्रित कर एवं उसे निर्धारित कचरा पात्रों में डालकर श्रमदान किया और जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।

नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने भी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए गड़ीसर सरोवर परिसर की व्यापक साफ-सफाई की। अभियान के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने जलाशयों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प दोहराया।

*जल संरक्षण एवं स्वच्छता दोनों हैं समय की आवश्यकता – विधायक भाटी*

इस अवसर पर विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का मूल उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण, संग्रहण एवं संवर्धन करना है, ताकि भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि जिले भर में अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों को आमजन का व्यापक समर्थन मिल रहा है। गांव-गांव, ढाणी-ढाणी और नगर-नगर में जल संचय, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई एवं संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

*विभिन्न वर्गों की रही उत्साहजनक भागीदारी*

कार्यक्रम में जिला संयोजक कँवराज सिंह चौहान, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, पुलिस निरीक्षक दुर्गाराम, अधीक्षण अभियंता सुभाष जांगिड़, अधीक्षण अभियंता (वाटरशेड) कौशल पालीवाल, वरिष्ठ भूजल वैज्ञानिक डॉ. नारायण दास इणखिया, अतिरिक्त विकास अधिकारी कैलाश पालीवाल, मातृशक्ति, पुलिसकर्मी, स्काउट-गाइड, एएनएम प्रशिक्षणार्थी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

*दिलाई गई जल संरक्षण की संकल्प शपथ*

कार्यक्रम के समापन पर जिला संयोजक कँवराज सिंह चौहान ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता की संकल्प शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से जल की प्रत्येक बूंद के महत्व को समझते हुए जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा अपने घर, मोहल्ले एवं गांव में जल बचाने एवं स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित यह आयोजन जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं स्वच्छता के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश देने में सफल रहा। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के माध्यम से जैसलमेर जिले में जनभागीदारी आधारित जल संरक्षण आंदोलन निरंतर गति पकड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *