चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो प्रमुख जैसलमेर
*विश्व साइकिल दिवस 2026 पर माय भारत द्वारा साइकिल रैली का हुआ आयोजन*
जैसलमेर 03 जून। विश्व साइकिल दिवस 2026 के अवसर पर माय भारत जैसलमेर द्वारा युवाओं में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं फिट इंडिया अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में जिले के विभिन्न युवा क्लबों, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली आरपी कॉलोनी से होकर निकली, जिसमें प्रतिभागियों ने “फिट इंडिया, हिट इंडिया”, “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” तथा “साइकिल अपनाएं, पर्यावरण बचाएं” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए साइक्लिस्ट एवं सहायक उप निरीक्षक सीमा सुरक्षा बल कुंवरपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि साइकिल एक पर्यावरण अनुकूल, किफायती एवं स्वास्थ्यवर्धक परिवहन साधन है। नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, प्रदूषण में कमी आती है तथा ईंधन की बचत भी होती है। उन्होंने युवाओं से दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने फिट एवं स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प लिया। साइकिल रैली का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ तथा सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन एकलव्य युवा मंडल, रानिसर युवा मंडल के सहयोग से किया गया जिसमें सुरजा राम, कमल कुमार, पवन कुमार, लोकेन्द्र कुमार, लालचंद का विशेष सहयोग रहा ।
