सवाई माधोपुर जिले की अंतिम ग्राम पंचायत कुरेड़ी में मंगलवार को जिला कलक्टर काना राम के नेतृत्व में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। चौपाल का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना था। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सड़क, वन भूमि, अतिक्रमण, श्मशान घाट विकास तथा रास्तों से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिन पर कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलक्टर ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने, गोबर खाद के उपयोग को बढ़ावा देने तथा रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग कम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से भूमि की उर्वरता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा।
कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुरेड़ी के मेधावी विद्यार्थियों अंशुल चौधरी एवं अभिषेक बैरवा का सम्मान किया गया। साथ ही 7 टीबी रोगियों को निक्षय किट तथा पशुपालकों को मुख्यमंत्री मंगल पशु बीमा योजना की पॉलिसियां वितरित की गईं।
चौपाल में कृषि, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी वर्षा मीणा, विकास अधिकारी जगदीश मित्तल, तहसीलदार जयप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। चौपाल में 22 से अधिक परिवाद दर्ज किए गए।

जिले के अंतिम छोर कुरेड़ी में पहुंचा जिला प्रशासन, रात्रि चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
