जोधपुर में सूने मकान से एक करोड़ के जेवर चोरी-VIDEO:सीसीटीवी में वारदात कैद; तीर्थ यात्रा पर गए थे बुजुर्ग, किराएदार ने दी सूचना

जोधपुर में चोरों ने सूने मकान में सेंध लगाकर जेवर और रुपए चोरी कर लिए। घटना चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर-23 में 15 मई की देर रात 2:15 बजे हुई। बुजुर्ग दंपती तीर्थ यात्रा पर गए थे। किराएदार ने उन्हें वारदात की सूचना दी। वहीं वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

पीड़ित दंपती के बेटे ने शनिवार को मामला दर्ज कराया। इसके अनुसार चोरी किए सामान का अनुमानित बाजार मूल्य एक करोड़ रुपए से ज्यादा है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया गया कि 14 मई की सुबह करीब 10:30 बजे आकाश के माता-पिता घर पर ताला लगाकर तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। 15 मई की सुबह करीब 6:30 बजे पड़ोसी महिला ने फोन कर सूचना दी कि किराएदार जीवा घर पहुंची है। उसने बताया- रात को चोरों ने मकान के ताले तोड़कर चोरी कर ली। घर का सामान बिखरा पड़ा है।

पीड़ित दंपती का बेटा नोएडा में करता है नौकरी

पीड़ित दंपती के बेटे आकाश ने बताया- उसके माता-पिता जोधपुर के घर में रहते हैं। वहीं मैं नोएडा में एक बैंक में नौकरी करता हूं। मकान की ऊपरी मंजिल पर जीवा नामक महिला अपने परिवार के साथ किराए पर रहती है। किराएदार से सूचना मिलने पर आकाश ने जोधपुर में रहने वाले अपने रिश्तेदार को घर भेजा। उसने वीडियो कॉल के माध्यम से घर की स्थिति दिखाई। इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी गई। आकाश नोएडा से जोधपुर पहुंचा और मामला दर्ज कराया।घर की जांच करने पर अलमारी और सामान अस्त-व्यस्त मिला। पीड़ित ने बताया- घर से सोने-चांदी के आभूषण सहित नकदी चोरी हुई है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की है। मामले की जांच एएसआई रामप्रसाद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *