*जनगणना 2027: जिला कलेक्टर की अपील—आमजन बढ़-चढ़कर करें स्व-गणना, डिजिटल अभियान को बनाएं सफल*
ब्यावर, 30 अप्रैल। भारत की 16वीं एवं पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना जनगणना 2027 को लेकर जिले में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। जिला कलेक्टर श्री कमलराम मीना की अध्यक्षता में जिला कलेक्टर सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनगणना की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 10 मई से 14 जून तक किया जाएगा। वहीं आमजन के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा 1 मई से 15 मई तक उपलब्ध रहेगी। नागरिक इस अवधि में Self Enumeration Portal (https://se.census.gov.in
) पर जाकर स्वयं अपना पंजीकरण एवं विवरण दर्ज कर सकेंगे।
स्व-गणना के लिए परिवार के मुखिया के नाम एवं मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण किया जाएगा। पोर्टल पर प्रश्नावली पूर्ण कर अंतिम सबमिट करने पर 11 अंकों की स्व-गणना पहचान आईडी जनरेट होगी, जिसका पहला अक्षर “H” होगा। यह आईडी मोबाइल नंबर एवं ईमेल के माध्यम से प्राप्त होगी। 10 मई से जब प्रगणक फील्ड में आएंगे, तब जिन नागरिकों ने स्व-गणना की है, वे अपनी यह आईडी प्रगणक को बताएंगे, जिससे दर्ज जानकारी का सत्यापन कर उसे स्वीकार किया जाएगा।
द्वितीय चरण में 16 मई से 14 जून तक प्रगणकों द्वारा HLD App के माध्यम से फील्ड कार्य किया जाएगा, जिसमें 34 प्रश्नों के उत्तर लिए जाएंगे।
जिले में जनगणना कार्य के लिए कुल 12 चार्ज निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 7 ग्रामीण एवं 5 शहरी क्षेत्र शामिल हैं। ग्रामीण चार्ज में तहसील ब्यावर, जैतारण, रायपुर, मसूदा, विजयनगर, बदनोर एवं टॉडगढ़ शामिल हैं। वहीं शहरी चार्ज में नगर परिषद ब्यावर तथा नगरपालिकाएं जैतारण, रायपुर, मसूदा एवं विजयनगर शामिल हैं।
पूरे जिले में कुल 2022 ब्लॉक बनाए गए हैं। जनगणना कार्य के लिए 1860 प्रगणक एवं 301 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं, साथ ही 10 प्रतिशत अतिरिक्त कार्मिक आरक्षित रखे गए हैं।
प्रशिक्षण के तहत 1 मई से 12 मई तक जिले के सभी 12 चार्ज स्तरों पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 63 प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं, जहां 39 फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री ब्रह्मलाल जाट, उपनिदेशक श्री कैलाश, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री सतीश सोनी सहित मीडिया प्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
