आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में डिजिटल प्रणाली को लेकर प्रशिक्षण आयोजित
आईएचएमएस पोर्टल के माध्यम से मरीजों के ऑनलाइन पंजीयन की दी जानकारी
शम्भू दयाल व्यास,ब्यावर
ब्यावर, 29 अप्रैल। जिला आयुष कार्यालय, ब्यावर द्वारा जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर (AAM) में कार्यरत कार्मिकों को डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जोड़ने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के अंतर्गत इंटीग्रेटेड हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम (IHMS) पोर्टल के प्रभावी संचालन को लेकर दिया गया।
जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के वीसी सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. हनुमान मीणा के निर्देशन में विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर डॉ. विनोद कुमार ने कार्मिकों को IHMS पोर्टल के विभिन्न तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया।
प्रशिक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आने वाले मरीजों का IHMS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीकी दक्षता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर एवं त्वरित सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम का समापन जिला आयुष कार्यालय के अधिकारियों द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
