Jaisalmer श्रद्धा, भक्ति और दिव्यता से सराबोर नाचना के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में आयोजित

चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर नाचना। श्रद्धा, भक्ति और दिव्यता से सराबोर नाचना के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में आयोजित छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन अत्यंत भव्य और भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह पावन आयोजन महेश्वरी समाज नाचना की ओर से श्रद्धा और सेवा भाव के साथ संपन्न कराया गया, जिसमें क्षेत्रभर के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
महोत्सव के दौरान ठाकुर जी का आकर्षक और मनमोहक श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों, दिव्य आभूषणों और तुलसी की पावन माला से सुसज्जित श्री लक्ष्मी नारायण जी की छवि इतनी अलौकिक थी कि श्रद्धालु भाव-विभोर होकर निहारते रह गए। मंदिर में विराजित श्री राम दरबार, श्रीकृष्ण दरबार, शिव जी और हनुमान जी का भी विशेष श्रृंगार किया गया, जो भक्तों के लिए अद्भुत आकर्षण का केंद्र बना रहा।
सायं आठ बजे मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और सभी ने ठाकुर जी के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य किया। इसके पश्चात पारंपरिक विधि-विधान से ठाकुर जी को छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसमें विविध व्यंजनों की सुगंध और भक्ति का भाव वातावरण में घुल गया।
शाम 8.30 बजे भव्य आरती का आयोजन हुआ, जहां मंत्रोच्चारण और घंटियों की गूंज ने पूरे मंदिर परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया। रात्रि में ब्रह्म भोज का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता निभाई।
अंत में वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ पूर्णाहुति दी गई और यह दिव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस महोत्सव ने न केवल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति प्रदान की, बल्कि समाज में एकता, सेवा और भक्ति का सुंदर संदेश भी प्रसारित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *