अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 2 ट्रेलर जब्त
159 टन बजरी बरामद, पुलिस की सख्त चेतावनी
शम्भू दयाल व्यास , ब्यावर
ब्यावर, 29 अप्रैल। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना साकेत नगर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बजरी से भरे ट्रेलर जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान करीब 159 टन अवैध बजरी बरामद की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा एवं वृताधिकारी ब्यावर राजेश कसाना के सुपरविजन में थाना साकेत नगर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान ट्रेलर नंबर RJ14 GP 8952 और RJ21 GF 1014 को रोककर जांच की, जिसमें अवैध रूप से बजरी परिवहन किया जा रहा था।
वाहन चालकों से रॉयल्टी (रवन्ना/ई-टीपी) संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रेलरों को जब्त कर लिया।
इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर धारा 303(2) बी.एन.एस. एवं एम.एम.आर.डी. एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध खनन जैसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
