*ग्राम रथ अभियान को मिली रफ्तार, गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी*
*विधायक ने दिया जनसेवा का संदेश, कलेक्टर के साथ हरी झंडी दिखाकर रथ रवाना*
शम्भू दयाल व्यास,4
ब्यावर , 28 अप्रैल। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक शंकर सिंह रावत ने जिला कलेक्टर कमल राम मीना के साथ जिला कलेक्ट्रेट परिसर से ग्राम विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
विधायक श्री रावत ने अपने संदेश में कहा कि ग्राम रथ अभियान सरकार की योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है और इसके लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं खुलकर रखें, ताकि उनका त्वरित समाधान हो सके।
जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने कहा कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव जाकर आमजन से संवाद स्थापित करें और संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करें।
ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत आगामी 15 दिनों तक जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में रथ भ्रमण करेंगे और 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे। रथों के साथ कला जत्थों के कलाकार भी रहेंगे, जो जागरूकता को रोचक बनाएंगे। एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा तथा रथों की लाइव लोकेशन व फोटो-वीडियो विभागीय एप पर अपलोड किए जाएंगे। साथ ही सुझाव पेटियां भी उपलब्ध रहेंगी, जिनमें ग्रामीण अपने सुझाव दे सकेंगे।
निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ग्राम पंचायतों में पहुंचकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंगलवार को टाडगढ़, गुजरगम्मा, माथुवाड़ा, गरनिया, बेड कला, पाटवा, देवरिया, चावंडिया, अंधेरी देवरी, पिपलाज, कनाखेड़ा, लहरी, जसवंतपुरा एवं देवपुरा-खरवा में कार्यक्रम होंगे।
वहीं बुधवार को मलतों की बेर, बराखन, सातुखेड़ा, आगेवा, सांगवास, निमाज, फूलमाल, आसरलाई, मोयणा, हरराजपुरा, बस्सी, मानपुरा एवं किराप में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, एसीईओ गोपाल लाल मीणा, तहसीलदार हनुत सिंह रावत, जन संपर्क अधिकारी सतीश सोनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आम जन उपस्थित रहे।
