चाऊमीन के लिए जिंदगी बर्बाद मत कर लेना, माता-पिता को कन्यादान का अवसर देना
भीलवाड़ा में श्री शिव महापुराण कथा के छठे दिन पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा – जिनकी शादी नहीं हुई है, वे बेटियां खड़ी हो जाएं और संकल्प लें कि हम अपने माता-पिता को कन्यादान का अवसर जरूर देंगे, चाहे कुछ भी हो। जरा सी बॉडी शो-ऑफ के चक्कर में, 10 रुपए के डीजल-पेट्रोल के लालच में या चाऊमीन के चक्कर में, सुंदर काया और लव जिहाद के झांसे में पड़कर अपनी जिंदगी बर्बाद मत कर लेना बेटियों।
उन्होंने कहा कि जीवन में एक संकल्प लेना चाहिए कि मैं अपने माता-पिता की सहमति से और उनके अनुकूल विवाह करूंगी। तुम मेवाड़ की बेटियां हो। जब-जब भारत में सेना की कमी होती थी, तब मेवाड़ की बेटियां तलवार लेकर खड़ी हो जाती थीं और रण में कूद पड़ती थीं। तुम वही बेटियां हो।
महंत बाबू गिरी का हुआ पट्टाभिषेक, आज से महामंडलेश्वर सात दिवसीय कथा का मंगलवार को समापन किया जाएगा। छठे दिन कथा आयोजक और संकट मोचन मंदिर के महंत बाबू गिरी का महामंडलेश्वर के रूप में पट्टाभिषेक किया गया। इस दौरान निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर महेशानंद महाराज, देहरादून के महामंडलेश्वर शांति स्वरूप महाराज, सचिव महंत रविंद्र पुरी, महंत राम रतन गिरी, महंत दिनेश गिरी, कुबेर भंडारी मंदिर करनाली के महंत राकेश गिरी, गुरु शिखर राजस्थान के महंत राजगिरी, श्रवण नाथ मठ हरिद्वार के महंत राम सेवागिरी और प्रयागराज के सचिव महंत नीलकंठ गिरी सहित कई संत मौजूद रहे।
कथा स्थल पर भक्तों के लिए निशुल्क भंडारे कथा स्थल के बाहर निशुल्क जल, छाछ, आइसक्रीम, साबूदाना, खिचड़ी और केले का प्रसाद वितरित किया जा रहा है। बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंच रहे हैं और निशुल्क खाद्य व पेय पदार्थों का लाभ ले रहे हैं।
मित्र मंडली के अनुराग माथुर ने बताया कि हम सभी मित्रों ने मिलकर 1500 किलो केले वितरित करने का लक्ष्य रखा है। कथा सुनने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

