*औचक निरीक्षण में गैस एजेंसी की अनियमितताएं उजागर, 40 सिलेंडर जब्त*
जैसलमेर, 15 अप्रैल। जिले में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सख्त नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में जिला कलक्टर के निर्देशानुसार जिला रसद अधिकारी के नेतृत्व में टीम द्वारा श्री स्वांगियां इण्डेन ग्रामीण गैस वितरक, पारेवर गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान एजेंसी के स्टॉक, आवक-जावक एवं उपभोक्ताओं को गैस वितरण व्यवस्था में गंभीर विसंगतियां पाई गईं। जिला रसद अधिकारी रामसिंह मीणा ने एजेंसी संचालक अनोप सिंह से उपभोक्ताओं की बुकिंग, ई-केवाईसी एवं ओटीपी के माध्यम से सिलेंडर वितरण संबंधी जानकारी ली, किन्तु वे संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके।
जांच में 14.2 किलोग्राम घरेलू एवं 19 किलोग्राम व्यावसायिक सिलेंडरों के स्टॉक में अंतर पाया गया। साथ ही गोदाम में एचपी कंपनी के 40 खाली घरेलू सिलेंडर पाए गए, जिन्हें अन्य कंपनी का होने के कारण मौके पर ही जब्त कर निकटतम एचपी गैस एजेंसी नेहडाई को सुपुर्द किया गया। जांच टीम में जिला रसद अधिकारी रामसिंह मीणा, प्रवर्तन अधिकारी मुरारी लाल एवं सहायक प्रोग्रामर गजेन्द्र सिंह शामिल रहे।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि व्यावसायिक सिलेंडरों का वितरण प्रशासन की अनुमति एवं दिशा-निर्देशन में ही किया जाएगा। साथ ही जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है एवं उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर
