JAISALMER चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर
डेज़र्ट वॉरियर – बीएसएफ मैराथन का जैसलमेर में भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन
जैसलमेर।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ जनसामान्य में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिनांक 21 दिसंबर 2025 को बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय जैसलमेर (दक्षिण) द्वारा पीक डायनामिक स्पोर्ट्स के सहयोग से “डेज़र्ट वॉरियर – बीएसएफ मैराथन” का भव्य आयोजन पूनम सिंह स्टेडियम, जैसलमेर में प्रातः 0630 बजे से 1100 बजे तक सफलतापूर्वक किया गया।

इस मैराथन का शुभारंभ श्री छोटू सिंह भाटी, विधायक जैसलमेर, श्री एम. एल. गर्ग, महानिरीक्षक, बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय राजस्थान तथा श्री योगेश्वर दत्त, भारतीय ओलंपियन एवं राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर श्री महेश कुमार नेगी, उप महानिरीक्षक, सेक्टर मुख्यालय बीएसएफ जैसलमेर (दक्षिण), श्री जे. एस. बिंजी, उप महानिरीक्षक, सेक्टर मुख्यालय बीएसएफ जैसलमेर (उत्तर), श्री प्रताप सिंह, आईएएस, जिला कलेक्टर जैसलमेर, श्रीमती रश्मि रानी, आईएएस, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद जैसलमेर तथा श्री सक्षम गोयल, आईएएस, उपखंड अधिकारी जैसलमेर, श्री लजपाल सिंह सोढ़ा कमिश्नर नगर परिषद जैसलमेर सहित बीएसएफ एवं नागरिक प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मैराथन का आयोजन 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर तथा 21 किलोमीटर (हाफ मैराथन) की तीन श्रेणियों में किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 2854 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 2201 बीएसएफ एवं अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवान, 393 नागरिक धावक तथा 260 बच्चे शामिल थे। सीमावर्ती क्षेत्र में इस प्रकार के विशाल खेल आयोजन ने युवाओं एवं आम नागरिकों में विशेष उत्साह एवं प्रेरणा का संचार किया।
RAJASTHAN जैसलमेर संसद को राजनीतिक हंगामे का अखाड़ा बना रहा विपक्ष : शेखावत

इस आयोजन में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए महिला सशक्तिकरण का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं 72 वर्षीय एक वरिष्ठ नागरिक द्वारा मैराथन में भाग लेकर यह संदेश दिया गया कि यदि व्यक्ति फिट रहे तो उम्र केवल एक संख्या मात्र होती है। इसके अतिरिक्त, इस मैराथन में कुछ विदेशी धावकों ने भी भाग लेकर स्वर्ण नगरी जैसलमेर में आयोजित इस बीएसएफ डेज़र्ट वॉरियर मैराथन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में योगदान दिया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य फिट इंडिया अभियान को सशक्त करना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को प्रोत्साहित करना तथा बीएसएफ और नागरिक समाज के बीच समन्वय एवं सौहार्द को और अधिक मजबूत करना रहा। “डेज़र्ट वॉरियर – बीएसएफ मैराथन” ने खेलों के माध्यम से देशभक्ति, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया।
