कल्याणपुरा मंडल में गूँजेगा हिंदुत्व का शंखनाद, भव्य हिंदू सम्मेलन के पोस्टर का हुआ विमोचन
सरदारशहर।(चंद्र प्रकाश लाटा) क्षेत्र के कल्याणपुरा मंडल में आगामी 15 फरवरी को आयोजित होने वाले विशाल ‘हिंदू सम्मेलन’ की तैयारियाँ अब तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में आज आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन एक गरिमामय समारोह में किया गया। इस दौरान समूचा वातावरण उत्साह और संकल्प की भावना से ओतप्रोत नजर आया। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम आयोजन समिति के अध्यक्ष ओमसिंह के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समिति के सचिव बाबुसिंह और कोषाध्यक्ष संतोषसिंह सहित कई पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष रणवीर सिंह ने सम्मेलन के ध्येय पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह सम्मेलन समाज को एकता के सूत्र में पिरोने, सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने और सामाजिक समरसता की नींव को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक से इस महाकुंभ में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
सोमवार को उपखण्ड अधिकारी संभालेंगे -नगर पालिका के प्रशासक का कार्यभार
विमोचन के पश्चात उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पोस्टर के माध्यम से घर-घर जाकर सम्मेलन का संदेश पहुँचाने और जन-जन को इससे जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान हनुमानसिंह, बद्रीसिंह, गोविंदसिंह, इन्द्रसिंह, दयालसिंह, ओमसिंह, प्रतापसिंह, राधेश्याम शर्मा, गोपीचन्द सैन, विनोदसिंह, बन्नेसिंह और प्रकाशसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
पोस्टर विमोचन: कल्याणपुरा में हिंदू सम्मेलन के पोस्टर विमोचन के अवसर पर उपस्थित आयोजन समिति के सदस्य और कार्यकर्ता।

