जैसलमेर पंच गौरव योजना के तहत जिला स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

 

जैसलमेर, 20 फरवरी। राज्य सरकार की पंच गौरव योजना के तहत जिला स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमूह को रोमांचित कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी जैसलमेर सक्षम गोयल ने विधिवत उद्घाटन किया एवं कहा कि खेल केवल शारीरिक दक्षता ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी भणियाणा रोहित वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि पंच गौरव योजना के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी कंवराज सिंह चौहान, सचिव, जिला जिम्नास्टिक संघ जैसलमेर विक्रम सिंह रावत एवं प्रद्युम्न सिंह, खेल अधिकारी राकेश विश्नोई सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने संतुलन, लचीलापन एवं तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की प्रस्तुति देखकर सभी अतिथि एवं खेल प्रेमी आश्चर्यचकित रह गए और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।

प्रतियोगिता का समापन 21 फरवरी, शनिवार को प्रातः 11:00 बजे किया जाएगा, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता न केवल प्रतिभाओं को निखारने का मंच है, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। प्रतियोगिता का संचालन उप प्राचार्य विजय बल्लाणी एवं आरती मिश्रा ने किया। कार्यक्रम के अंत में जिमनास्टिक सचिव, विक्रमसिंह रावलोत ने सभी का आभार प्रदर्शित किया।
चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *