जैसलमेर

चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो प्रमुख जैसलमेर
पोकरण में नकली घी पर बड़ी कार्रवाई: जयपुर से पहुंची खाद्य सुरक्षा टीम, गोदाम-दुकान से लिए सैंपल

जैसलमेर जिले के पोकरण कस्बे में नकली घी के कारोबार की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सेंट्रल टीम ने बड़ी कार्रवाई की। रविवार देर शाम जयपुर से पहुंची टीम ने एक व्यापारी के गोदाम और दुकान पर दबिश देकर घी के सैंपल लिए और जांच शुरू की।
खाद्य सुरक्षा विभाग आयुक्तालय जयपुर से आए अतिरिक्त आयुक्त भगवतसिंह ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि पोकरण में नकली घी का कारोबार किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
टीम में जयपुर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, देवेंद्रसिंह राणावत, लोकेश शर्मा तथा जैसलमेर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशनाराम शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान टीम ने तिरुपति नगर कॉलोनी स्थित गोदाम में जांच की, जहां बड़ी मात्रा में घी के डिब्बे मिले। अधिकारियों ने मौके से घी के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया। इसके बाद टीम व्यास सर्किल के पास स्थित दुकान पर पहुंची और वहां भी जांच कर सैंपल लेने की कार्रवाई की।
अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, जयपुर से टीम पहुंचने की खबर फैलते ही पोकरण के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कई व्यापारियों ने एहतियात के तौर पर अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। अचानक हुई कार्रवाई को देखने के लिए गोदाम और दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे कस्बे में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता राह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *