फर्जी डॉक्टरों के इलाज से बिगड़ी तबीयत, मौत:महिला के हाथ-पैर में दर्द और बुखार था, मेडिकल स्टोर वाले के ग्लूकोज चढ़ाने के बाद तड़पने लगी

मेडिकल स्टोर की आड़ में इलाज करने वाले फर्जी डॉक्टरों ने महिला की जान ले ली। पति का आरोप है कि हाथ-पैर में दर्द और बुखार होने पर पत्नी को लेकर आया था। यहां फर्जी डॉक्टरों ने बिना किसी जांच के दवा दी और ग्लूकोज चढ़ाया। उसके बाद महिला की तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

पूरा मामला अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के सालपुर गांव का है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

सालपुर की रहने वाली रीना देवी (27) के पति मंगल सिंह ने बताया- शनिवार शाम को रीना (पत्नी) की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। उसे तेज बुखार था और हाथ-पैरों में भयंकर दर्द हो रहा था।

मंगल सिंह उसे मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के केरवा जाट स्थित एक मेडिकल स्टोर पर लेकर गया। वहां मौजूद फर्जी डॉक्टर ने बिना किसी चेकअप के, केवल लक्षणों के आधार पर रीना को कुछ दवाइयां दे दीं और ग्लूकोज की बोतल चढ़ा दी। इसके बाद रीना को घर भेज दिया गया।परिजनों के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3 बजे रीना की तबीयत अचानक फिर से बहुत ज्यादा बिगड़ गई। उसे तेज बॉडी पेन, लगातार उल्टियां और चक्कर आने लगे। घबराकर मंगल सिंह उसे सालपुर स्थित एक अन्य मेडिकल स्टोर पर लेकर भागा। वहां मौजूद दूसरे फर्जी डॉक्टर ने महिला की गंभीर स्थिति देख उसे एक टैबलेट दी और तुरंत अलवर जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी।परिजन आनन-फानन में रीना को लेकर अलवर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद रीना को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मंगल सिंह बेलदारी (मजदूरी) करता है। रीना की मौत के बाद उसके चार छोटे-छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *