क्राइम की दुनिया में छाने के लिए REEL बनाता था:खुद की बड़ी गैंग बताता, खुद का नाम कौशल सुपारी रखा; हत्या के केस में गिरफ्तार

जयपुर में हत्या के मामले में पकड़े गए एक बदमाश ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि क्राइम वर्ल्ड में छाने के लिए इंस्टाग्राम रील बनाता था। खुद की बड़ी गैंग होना बताता था।

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज वर्मा ने बताया- हत्या में आरोपी कौशल नागर उर्फ धाकड़ सरकार (26) निवासी नैनवा बूंदी को अरेस्ट किया गया है। वह जयपुर एयरपोर्ट के पास चाय की दुकान चलाता है। हत्या के मामले में उस पर 20 हजार रुपए का इनाम रखा था।

पुलिस टीम ने प्रताप नगर के सेक्टर-35 स्थित एक अपार्टमेंट में दबिश देकर फरारी काट रहे कौशल नागर को अरेस्ट किया। पुलिस की ओर से सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश करने पर उसे तीन दिन के रिमांड पर सौंपा गया है।

पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर धाकड़ सरकार और ग्रुप सरकार के नाम पेज बना रखे हैं। जो फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए थार और स्कॉर्पियो गाड़ियों के साथ रील बनाता है। अपना खौफ दिखाकर मारपीट और जानलेवा हमला करने की सुपारी भी लेता है। क्राइम वर्ल्ड में फेमस होने के लिए इंस्टाग्राम पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता है। आरोपी कौशल नागर की ओर से अपना नाम कौशल सुपारी भी रखा हुआ है।

खुद को कर रहा था बेज्जत महसूस, इसलिए की हत्या

ACP (चाकसू) भवानी सिंह ने बताया- कौशल नागर ने पिता बनने की खुशी में 6 अप्रैल को गांव में दोस्तों को पार्टी दी थी। कौशल के दोस्त पार्टी कर अपने-अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान कौशल के दोस्त हरकेश नागर को गांव के रहने वाले महेश राज गुर्जर ने रोक लिया था। झगड़ा होने पर हरकेश ने कौशल नागर को बुला लिया था। कौशल व महेश के बीच कहासुनी हो गई थी।

महेश ने अपने चचेरे भाई चेतराम गुर्जर (मृतक) को बुलाया। झगड़ा होने पर चेताराम ने कौशल नागर के साथ मारपीट की थी। इसके बाद कौशल नागर देख लेने की धमकी देकर चला गया। उसके साथ हुई मारपीट को लेकर वह खुद को बेज्जत महसूस कर रहा था। बदला लेने के लिए वह लगातार मौका ढूंढ रहा था।

1 मई को बूंदी के नैनवां निवासी चेतराम गुर्जर अपने चार-पांच दोस्तों के साथ जयपुर में परिचित की बेटी की शादी में शामिल होने आया था। गांव के ही साथी ने कौशल नागर को कॉल कर चेतराम गुर्जर के जयपुर आने के बारे में बताया। कौशल बदला लेने के मौका ढूंढ रहा था। इसलिए अपने दोस्तों को यारी निभाने की कहकर बुलाया।

दो-तीन गाड़ियों में सवार होकर अपने साथियों के साथ सांगानेर सदर इलाके में स्थित मैरिज गार्डन के बाहर ताक लगाकर बैठ गया। मैरिज गार्डन के पास दुकान पर चेतराम गुर्जर के जाने पर आरोपी कौशल नागर ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। लाठी-डंडों से लैस साथियों के साथ मिलकर जमकर मारपीट की। बेसूध होकर चेतराम के जमीन पर गिरने पर वह अपने साथियों के साथ भाग गया। चेतराम के मर्डर मामले में पुलिस के दबिश का पता चलने पर किराए का कमरा खाली कर दोस्तों से पनाह लेकर छिपा रहा। प्रताप नगर सेक्टर-35 स्थित अपार्टमेंट में छिपे होने की सूचना पर दबिश देकर कौशल को पकड़ा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *