जोधपुर में वंदे गंगाजल संरक्षण अभियान शुरू:मंत्री पटेल बोले- अवैध तरीके से पानी बेचने वालों पर होगी कार्रवाई

जोधपुर जिले में आज से ‘वंदे गंगाजल संरक्षण’ जन अभियान-2026 शुरू हुआ है। कैबिनेट मिनिस्टर जोगाराम पटेल ने बाईजी के तालाब पर पूजा-अर्चना कर अभियान की शुरूआत की। पारंपरिक वर्षा जल स्रोतों का संरक्षण करने और जल का महत्व बताने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है, जो विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून तक चलेगा।

कैबिनेट मिनिस्टर जोगाराम पटेल ने बताया कि अलग-अलग विभागों की ओर से नदी, बांध, सरोवर और नहरों पर पूजन, जल उपयोगिता संगम के कार्यक्रम और साफ-सफाई की जाएगी। इसके अलावा अलग-अलग विभागों की ओर से भी कई गतिविधियां की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से गंगा दशहरा के मौके पर लेख लेखन भी करवाया जाएगा।

शहर में कई जगह पर अवैध कनेक्शन की भरमार है। रसूखदारों की ओर से अवैध कनेक्शन कर टैंकरों से पानी बेचने के मामले को लेकर पूछे सवाल पर मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जो लोग अवैध तरीके से पानी बेचते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

इस कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, शहर विधायक अतुल भंसाली नहीं पहुंचे। इसको लेकर पटेल ने कहा कि किसी काम के चलते वो नहीं आ पाए, उनसे बात भी हुई थी। इस दौरान जिला परिषद के CEO आशीष मिश्रा, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत सहित भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *