प्रेरणादायक पहल: ब्यावर में 42 वर्षीय युवक के निधन पर हुआ नेत्रदान, दो लोगों को मिलेगी नई रोशनी
शम्भू दयाल व्यास
ब्यावर 27 अप्रैल ।सेवा संस्थान एवं भारत विकास परिषद मुख्य शाखा, ब्यावर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार देर शाम एक प्रेरणादायक नेत्रदान संपन्न हुआ। सांखला कॉलोनी निवासी किशोर डेटानी (42) की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
निधन की सूचना मिलते ही भारत विकास परिषद के जसपाल हुड़ा, सिंधी समाज के विजय गुलाबानी एवं जेठानंद तिलोकानी शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए नेत्रदान के लिए प्रेरित किया। सामाजिक जागरूकता का परिचय देते हुए परिवारजनों ने नेत्रदान के लिए सहमति प्रदान की।
इसके बाद अजमेर आई बैंक सोसायटी की टीम, जिसमें डॉ. भरत शर्मा एवं कुलदीप सिंह शामिल थे, तत्काल ब्यावर पहुंची और सफलतापूर्वक नेत्र उत्सर्जन की प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर मृतक के पिता मोहन दास सहित कन्हैया लाल, खुशाल दास, गोविंद राम, विजय, कमल, रमेश, गोरधन, हरीश, नरेश, दीपक, रोबिन, करण, पार्थ, हृदयाक्ष, अमरचंद मुंदड़ा, राजेंद्र काबरा, राजेंद्र खंडेलवाल, अजय सोमानी, पूर्व पार्षद किशन चंद एवं दृष्टि सेवा संस्थान के अध्यक्ष मुकेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दृष्टि सेवा संस्थान ने बताया कि इस नेत्रदान से शीघ्र ही दो नेत्रहीन व्यक्तियों को नई रोशनी मिल सकेगी। संस्थान ने नेत्रदानी परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
