दत्तात्रेय पुरोहित ब्यूरो फलोदी
झोपड़ी में चल रही थी मौत की फैक्ट्री!”
फलोदी के बाप क्षेत्र में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, आरोपी फरार
फलोदी
सीमांत क्षेत्र में अवैध हथियारों का बड़ा खेल सामने आया है। बाप थाना क्षेत्र के चूहड़ों की बस्ती (भड़ला) में एक झोपड़ी में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का पुलिस और डीएसटी टीम ने भंडाफोड़ किया। कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि बड़ी मात्रा में बंदूकें और देशी कट्टे बरामद किए गए।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि भड़ला निवासी मोलाबक्श लंबे समय से झोपड़ी में अवैध हथियार बना रहा है। सूचना के आधार पर शनिवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस व डीएसटी टीम ने संयुक्त दबिश दी।
दबिश से पहले ही फरार हुआ आरोपी
टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी मोलाबक्श को भनक लग गई और वह मौके से फरार हो गया। पुलिस को मौके से हथियार बनाने का सामान, तैयार बंदूकें और देशी कट्टे मिले हैं।
लंबे समय से चल रहा था गोरखधंधा
पुलिस के अनुसार मौके से मिले उपकरण और सामग्री से साफ है कि आरोपी काफी समय से अवैध हथियार निर्माण का काम कर रहा था। ऐसे मामलों में अक्सर हथियारों की सप्लाई आपराधिक नेटवर्क तक होने की आशंका रहती है।
मामला दर्ज, तलाश जारी
पुलिस ने अवैध हथियार फैक्ट्री संचालित करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
एक और कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
इसी क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई के दौरान भड़ला निवासी शकर खान को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक टोपीदार बंदूक, 5 छर्रे और 5 सीसा टोपी बरामद किए गए।
बड़ा सवाल
सीमांत क्षेत्र में इस तरह अवैध हथियार फैक्ट्री का चलना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर इतनी बड़ी गतिविधि लंबे समय तक कैसे चलती रही?
फलोदी
