जैसलमेर

चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर *आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल एवं ब्लैक आउट का हुआ सफल पूर्वाभ्यास*
*जिला प्रशासन की त्वरित सक्रियता, आमजन की सहभागिता एवं समन्वित प्रयासों से सुरक्षा तैयारियों का सशक्त प्रदर्शन*
जैसलमेर, 24 अप्रैल। केन्द्र एवं राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में शुक्रवार को जैसलमेर जिले के इंद्रा कॉलोनी क्षेत्र स्थित एक भवन में मॉक ड्रिल एवं ब्लैक आउट पूर्वाभ्यास का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों, विशेष रूप से हवाई हमले जैसी स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक तैयारियों की प्रभावशीलता का परीक्षण करना रहा।
सायं 7:20 बजे सिविल डिफेंस टीम द्वारा चेतावनी सायरन बजाकर मॉक ड्रिल की शुरुआत की गई। सायरन के साथ ही आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए, जिसमें हवाई हमले की पूर्व चेतावनी, आगजनी की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य, एवं ब्लैक आउट के निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की गई। पूरे क्षेत्र में निर्धारित समय के दौरान पूर्ण ब्लैक आउट कर नागरिकों ने भी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि इस प्रकार के पूर्वाभ्यास आपदा प्रबंधन तंत्र की तत्परता को परखने एवं उसे और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड तथा स्वयंसेवी संगठनों ने समन्वित रूप से भागीदारी निभाई। साथ ही आमजन की सक्रिय सहभागिता ने इस अभ्यास को और अधिक प्रभावी बनाया।
अभ्यास के दौरान आपात स्थिति में घायलों के त्वरित उपचार के लिए एम्बुलेंस सेवाओं की उपलब्धता, अस्पतालों में चिकित्सा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षित निकासी (इवैक्युएशन) की प्रक्रिया का भी सफल प्रदर्शन किया गया। विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया ने आपदा प्रबंधन की मजबूत तैयारियों का संदेश दिया।
जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की कि इस प्रकार के मॉक ड्रिल के दौरान किसी प्रकार की अफवाह या भय की स्थिति से बचें एवं संयम और सजगता के साथ प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने ब्लैक आउट के दौरान सभी नागरिकों एवं संस्थानों द्वारा रोशनी बंद रखकर राष्ट्रीय सुरक्षा में दिए गए योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पूर्वाभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, प्रशासनिक तंत्र को और अधिक सक्षम बनाना तथा नागरिकों को जागरूक एवं प्रशिक्षित करना है।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल, आयुक्त नगर परिषद लजपाल सिंह सोढ़ा, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *