झुंझुनूं में चाकू से वार कर रिटायर्ड फौजी की हत्या, आरोपी के विरोध में चिड़ावा-सिंघाना रोड पर प्रदर्शन

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र के बामनवास गांव में रिटायर्ड फौजी उदयवीर सिंह की चाकू मारकर हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है. घटना के बाद पूरे गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. इस हत्याकांड के विरोध में गुस्साए लोगों ने चिड़ावा-सिंघाना मार्ग पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन भी किया. प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण मुख्य आरोपी अकरम की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और लगातार पुलिस प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं.मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना आपसी विवाद के चलते देर रात को हुई है. बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने रिटायर्ड फौजी उदयवीर सिंह पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया. गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. इसके अलावा, पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है.वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा. वहीं, मृतक के परिजन और ग्रामीण अपने रुख पर कायम हैं. उनका कहना है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *