आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
शम्भू दयाल व्यास, ब्यावर
ब्यावर, 24 अप्रैल। भारतीय आंगनबाड़ी महासंघ राजस्थान प्रदेश के आह्वान पर शुक्रवार को जिलेभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला मंत्री दिलीप कुमार जांगिड़ ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ, जिला ब्यावर के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ द्वारा सभा का आयोजन किया गया। सभा को संभाग सह संगठन मंत्री दिलीप टांक एवं महामंत्री मधु शर्मा ने संबोधित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
इसके पश्चात जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया। प्रदर्शन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ आशा सहयोगिनियों ने भी भाग लेकर एकजुटता दिखाई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय मजदूर संघ के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य गहलोत, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र भाटी, आंगनबाड़ी जिला अध्यक्ष किरण सहित ज्योति, मंजू चौधरी, जयमाला, पूजा सोनी, दिव्या, माया चौहान, कोमल, सरला, पूर्णिमा शर्मा, कौशल्या, माया कटारिया, रतन जैसवाल, कैलाशी, प्रेमजीत, अल्का, लीला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने सरकार से शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
