महिला आरक्षण पर भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप, कांग्रेस ने तत्काल लागू करने की उठाई मांग
शम्भू दयाल व्यास, ब्यावर
ब्यावर 24 अप्रैल।जिला कांग्रेस कमेटी, ब्यावर द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में महिला आरक्षण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और मंशा पर सवाल उठाते हुए इसे लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया गया। जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर देशभर में राजनीति कर रही है, जबकि कांग्रेस का रुख हमेशा स्पष्ट और महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ऐतिहासिक रूप से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है। वर्ष 1992 में 73वें व 74वें संविधान संशोधनों के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना इसका प्रमाण है। इसके बाद वर्ष 2010 में यूपीए सरकार ने महिला आरक्षण विधेयक को राज्यसभा से पारित कराकर अपनी प्रतिबद्धता दिखाई थी।
किशोर चौधरी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू किया जाना चाहिए था, लेकिन केंद्र सरकार ने इसे जनगणना और परिसीमन से जोड़कर जानबूझकर विलंब किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर बिना परिसीमन के भी यह कानून लागू किया जा सकता है। कांग्रेस ने शीघ्र जनगणना और जातीय जनगणना कराने की मांग भी दोहराई।
प्रेस वार्ता में जिला प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव प्रतिष्ठा यादव, पूर्व विधायक राकेश पारीक, ब्यावर प्रत्याशी पारसमल जैन, खनन प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष आशीषपाल पदावत, ओबीसी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष कैलाश गहलोत, पूर्व सभापति शांति डाबला, पूर्व सभापति पार्वती जाग्रत, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव एडवोकेट सुलक्षणा शर्मा, महिला जिला अध्यक्ष इशिका जैन तथा पूर्व प्रत्याशी मनोज चौहान सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण के नाम पर केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और महिला आरक्षण को बिना देरी लागू करने की मांग पर कायम है।
