जयपुर में आईपीएल मुकाबले से पहले आज भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा अपनी मां के साथ गोविंद देव जी मंदिर पहुंचे।
उन्होंने मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। अभिषेक शर्मा ने मंदिर की चौखट पूजा की और आरती में शामिल होकर गोविंद देव जी का आशीर्वाद लिया।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के लिए जयपुर में हैं अभिषेक
अभिषेक शर्मा इन दिनों आईपीएल मुकाबले के सिलसिले में जयपुर आए हुए हैं। वे 22 अप्रैल को अपनी मां के साथ जयपुर पहुंचे थे। अभिषेक शर्मा सनराइजर्स हैदराबाद टीम के साथ यहां मौजूद हैं। टीम का मुकाबला 25 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। जयपुर दौरे के दौरान उन्होंने मैच से पहले धार्मिक दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन ने बताया- राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद मैच के लिए स्टूडेंट्स के लिए ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर 500 रुपए में टिकट दिया गया। सवाई मानसिंह स्टेडियम के वेस्ट गेट पर बने ऑफलाइन काउंटर पर स्टूडेंट्स टिकट ब्रिकी की गई। एक आईडी कार्ड पर केवल एक ही टिकट दिया गया।
स्टूडेंट्स को मिलने वाला ये टिकट ईस्ट स्टैंड के होंगे, जहां से दर्शक अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को नजदीक से देख पाएंगे। इस स्टैंड का टिकट 1800 रुपए का है, लेकिन छात्रों को विशेष छूट के तहत सिर्फ 500 रुपए में दिया गया।
टिकट नहीं मिलने पर युवाओं ने बैनर फाड़े
टिकट काउंटर पर दोपहर तक 500 रुपए वाले टिकट खत्म हो गए। इसके बाद जिन युवाओं को टिकट नहीं मिले उन्होंने नाराजगी जताई। कुछ युवाओं ने टिकट काउंटर पर लगे बैनर को फाड़ भी दिया। हालांकि पुलिस प्रशासन ने युवाओं को समझाकर मामला शांत करवाया।
ऑफलाइन टिकट काउंटर पहले से ही शुरू
राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन ने पहले ही सवाई मानसिंह स्टेडियम के ईस्ट, वेस्ट और नॉर्थ गेट्स पर ऑफलाइन टिकट काउंटर शुरू कर दिए हैं। ये काउंटर हर दिन सुबह 11 से शाम 6 बजे तक खुले रहते हैं। अभी यहां सामान्य दरों पर टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सबसे सस्ता ईस्ट स्टैंड का टिकट
इस बार IPL टिकटों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। सबसे सस्ता ईस्ट स्टैंड टिकट 1800 रुपए में उपलब्ध है, जो पिछले सीजन के मुकाबले 300 रुपए महंगा है।
वहीं सबसे महंगा टिकट ड्रीम लाउंज का है, जहां से मैच देखने के लिए दर्शकों को 40 हजार रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं। इतना ही नहीं, टिकटों की कीमतें डिमांड के अनुसार लगातार बढ़ भी रही हैं।
—
