TONK // खजूरिया में हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम, प्रदर्शनी व प्रश्नोत्तरी के जरिए दी गई योजनाओं और संविधान की जानकारी

टोंक जिले के खजूरिया गांव में बुधवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा की ओर से विशेष प्रचार अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्राम पंचायत, शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से हुआ। आंगनबाड़ी केंद्र और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और संगोष्ठी के माध्यम से महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संविधान की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान” विषय पर प्रदर्शनी का उद्देश्य समझाया। उन्होंने मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के साथ-साथ जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान पर भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
महिला पर्यवेक्षक मीना देवी बैरवा ने महिलाओं के विकास हेतु चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी, वहीं पीओ धर्मराज गुर्जर ने नई शिक्षा नीति की विशेषताओं को साझा किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नंद सिंह तंवर ने देव नारायण योजना और गार्गी पुरस्कार योजना की जानकारी दी।
https://www.facebook.com/profile.php?id=61566375107356
मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा, महिला पर्यवेक्षक मीना देवी बैरवा, प्रधानाचार्य नंद सिंह तंवर और पीओ धर्मराज गुर्जर द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, व्याख्याता, गांव की महिलाएं और विद्यालय के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
टोंक से अशोक शर्मा की रिपोर्ट
BARAN// महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक ने किया सखी केंद्र का औचक निरीक्षण