चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर
*जैसलमेर जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान लगातार जारी, जिले में 28 फरवरी से अब तक 1 हजार 327 बालिकाओं को लगवाई एचपीवी वैक्सीन, बालिकाओं ने उत्साह के साथ लगवाई एचपीवी वैक्सीन*
जैसलमेर, जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान लगातार जारी है, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेंद्र कुमार पालीवाल ने बताया कि जिले में गत 28 फरवरी 2026 से अब तक 1 हजार 327 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई है, उन्होंने बताया कि जिले में मंगलवार व बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कुल 31 टीकाकरण सत्रों में कुल 313 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई, विभागीय कार्मिकों द्वारा टीकाकरण सत्रों में उपस्थित बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन के महत्व और उपयोगिता के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ निखिल शर्मा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 से 15 वर्ष तक की आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत निःशुल्क टीकाकरण सत्रों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए प्रभावी एवं सुरक्षित है। डॉ पालीवाल ने जिले की समस्त 14 से 15 आयु वर्ग की बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे चिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित अभियान अंतर्गत जागरूक रह कर अपनी बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण करवाएं।
टीकाकरण के लिए बालिका का आधार कार्ड साथ लाना आवश्यक होगा। टीकाकरण से पूर्व लाभार्थी का पंजीकरण यू विन पोर्टल पर किया जाएगा तथा ओटीपी सत्यापन के उपरांत ही टीका लगाया जाएगा।
डॉ पालीवाल ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
