भीषण गर्मी में सेवा का संकल्प: सेवानिवृत्त श्री सीमेंट कर्मचारी संघ करेगा जल सेवा और परिंडे वितरण

भीषण गर्मी में सेवा का संकल्प: सेवानिवृत्त श्री सीमेंट कर्मचारी संघ करेगा शीतल जल सेवा व परिंडे वितरण

शम्भू दयाल व्यास, ब्यावर

ब्यावर 4 मई ।शहर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मानव सेवा और जीव दया की मिसाल पेश करते हुए सेवानिवृत्त श्री सीमेंट कर्मचारी संघ, ब्यावर ने सेवा कार्यों का व्यापक संकल्प लिया है। संघ द्वारा एकम आसरा चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में 8 मई को रेलवे स्टेशन पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रेल यात्रियों एवं राहगीरों के लिए शीतल जल सेवा का आयोजन किया जाएगा।

संस्था के महासचिव डी. के. जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी की तीव्रता को देखते हुए यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य किया जा रहा है, जिसमें संघ के सभी सदस्य सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने बताया कि संघ के लगभग 285 सेवानिवृत्त सदस्य हैं, जो समय-समय पर सामाजिक सरोकार से जुड़े सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।

इस सेवा अभियान के अंतर्गत केवल मानव सेवा ही नहीं, बल्कि जीव दया को भी प्राथमिकता दी गई है। संस्था द्वारा पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था हेतु परिंडे (जल पात्र) वितरित किए जाएंगे, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को भी राहत मिल सके। संस्था के महेश बांसरे एवं सी. पी. अग्निहोत्री ने बताया कि संघ हमेशा से जीव सेवा और मानव सेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है और आगे भी इस परंपरा को निरंतर जारी रखा जाएगा।

उक्त सेवा कार्यों का निर्णय हाल ही में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में लिया गया, जो राजेश जालान के निवास पर संपन्न हुई। बैठक में जगन्नाथ यादव, प्रवीण कंठाली, प्रवीण विजयवर्गीय, सी. पी. अग्निहोत्री, डी. के. जैन, महेश बांसरे, राजेश जालान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने एकमत होकर सेवा कार्यों को सफल बनाने का संकल्प लिया।
सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना से प्रेरित यह पहल न केवल जरूरतमंदों को राहत देगी, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी प्रसारित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *