Jaisalmer

चंद्र प्रकाश पुरोहित, ब्यूरो – जैसलमेर
खाद-बीज की दुकानें रहीं बंद, व्यापारियों का विरोध तेज
टैगिंग व्यवस्था और बढ़ते आर्थिक बोझ से नाराज, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
जैसलमेर। जिले में खाद-बीज व्यापारियों ने सोमवार को अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया। व्यापारियों का कहना है कि नई टैगिंग व्यवस्था और बढ़ते आर्थिक दबाव के चलते उनका व्यवसाय संकट में आ गया है। विरोध के चलते शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को खाद और बीज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
व्यापारियों ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि मौजूदा नियमों के तहत अनावश्यक टैगिंग, अतिरिक्त कागजी कार्यवाही और वित्तीय भार बढ़ गया है, जिससे छोटे व्यापारियों के लिए व्यवसाय चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
“व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज”
व्यापारी प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नियमों में संशोधन करना चाहिए।
किसानों पर भी पड़ा असर
दुकानें बंद रहने से किसानों को समय पर खाद-बीज नहीं मिल सका, जिससे बुवाई और खेती के कार्य प्रभावित होने की आशंका है। किसानों ने भी प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।
प्रशासन ने मांगा समय
प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है। अधिकारियों का कहना है कि ज्ञापन को उच्च स्तर पर भेजकर उचित समाधान निकाला जाएगा।
मुख्य मांगें
टैगिंग प्रक्रिया को सरल किया जाए
अनावश्यक कागजी कार्रवाई कम हो
आर्थिक बोझ घटाने के लिए राहत दी जाए
व्यापारियों से संवाद कर नीतियों में बदलाव किया जावे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *