जैसलमेर

चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर
शिक्षा सुधार की दिशा में प्रशासन सक्रिय*
*जिला कलक्टर ने पीएमश्री स्कूल कनोई में विद्यार्थियों*
*की दक्षता जांची, नियमित मॉनिटरिंग पर दिया जोर*
जैसलमेर 25 अप्रैल। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने शनिवार को पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कनोई का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता का आकलन करते हुए विद्यालय में शिक्षा की वास्तविक गुणवत्ता को परखा।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों की पढ़ने-लिखने की दक्षता, उच्चारण एवं विषयों की समझ को बारीकी से जांचा। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे और उनकी समझ का परीक्षण किया। इस प्रक्रिया के माध्यम से विद्यालय में संचालित शिक्षण स्तर का वास्तविक मूल्यांकन किया गया।
जिला कलक्टर जोरवाल ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा पर विशेष ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि पढ़ना, लिखना एवं गणना जैसे मूलभूत कौशल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की नींव हैं एवं इन पर मजबूत पकड़ ही उनके उज्ज्वल भविष्य का आधार बनती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए नियमित मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है एवं इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान विद्यालय प्राचार्य ने जिला कलक्टर को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाएगी एवं शिक्षा स्तर को और अधिक बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *