करणी माता मंदिर जीर्णोद्धार के बाद मूर्ति स्थापना 24 को, दो दिवसीय धार्मिक आयोजन शुरू
शम्भू दयाल व्यास, ब्यावर
ब्यावर 23 अप्रैल । निकटवर्ती ग्राम रास में स्थित करणी माता के प्राचीन मंदिर का जीर्णोद्धार पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम 23 व 24 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
समाजसेवी श्रीदास वैष्णव ने बताया कि भामाशाहों एवं ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य संपन्न किया गया है। इसके पश्चात सर्वसम्मति से 24 अप्रैल को करणी माता की नवीन मूर्ति की स्थापना विधि-विधान के साथ की जाएगी। यह धार्मिक अनुष्ठान परम श्रद्धेय संत पीर नारायण नाथ जी महाराज एवं हरि चेतन जी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा, जिसमें हवन-पूजन सहित विभिन्न धार्मिक क्रियाएं आयोजित होंगी।
कार्यक्रम की पूर्व संध्या 23 अप्रैल को संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन रखा गया है, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
