कर्रा रोग से बचाव के लिए जांच, उपचार व जागरूकता पर विशेष फोकस*

चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर *पशुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन संवेदनशील*
*कर्रा रोग से बचाव के लिए जांच, उपचार व जागरूकता पर विशेष फोकस*
जैसलमेर 6 अप्रैल। भीषण गर्मी के मद्देनजर गोवंश में फैल रहे कर्रा रोग की रोकथाम एवं बचाव उपायों को लेकर जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, सजगता और मुस्तैदी के साथ सक्रिय है। जिला कलक्टर रश्मि रानी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में पशुपालन विभाग एवं खंड विकास अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि कर्रा रोग की रोकथाम को मिशन मोड में लेते हुए जिले की प्रत्येक गाय की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि गोवंश की मृत्यु दर को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा रोग की प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ-साथ व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे पशुपालकों को समय रहते रोग के लक्षण एवं बचाव उपायों की जानकारी मिल सके।
उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोग नियंत्रण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं एवं 24 घंटे सतत निगरानी रखते हुए क्षेत्रवार बीमार एवं मृत गोवंश का रिकॉर्ड संधारित किया जाए।
जिला कलक्टर ने पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि मृत पशुओं के शवों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए। ग्राम पंचायत के सहयोग से गांव से 2-3 किलोमीटर दूर सुरक्षित स्थान पर गड्ढा खोदकर शवों को दफनाया जाए एवं चारदीवारी युक्त बंद बाड़े की व्यवस्था की जाए, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका को रोका जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि दुधारू पशुओं को बांधकर रखा जाए तथा उन्हें नियमित रूप से संतुलित आहार दिया जाए, जिसमें सूखा एवं हरा चारा शामिल हो। साथ ही पशु चिकित्सालयों में उपलब्ध मिनरल मिक्सचर एवं नमक दाने का नियमित सेवन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ सके।

जिला कलक्टर ने कहा कि सोशल मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए कर्रा रोग के लक्षणों और बचाव उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिकाधिक पशुपालक जागरूक होकर अपने पशुओं की समय पर देखभाल कर सकें।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ लक्ष्मण मुतेपवार, संयुक्त निदेशक डॉ आलोक श्रीवास्तव, डॉ. उमेश वर्गटीवार, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
*–000–*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *