जोधपुर में तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया था, पुलिस बल तैनात किया गया
जोधपुर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात बिगड़ गए। जानकारी के अनुसार, जोधपुर से जैसलमेर जा रही एक तेज रफ्तार लोक परिवहन बस ने बाइक को टक्कर मार दी थी। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने बस को आग लगा दी। घटना केरू क्षेत्र के लोरडी बस स्टैंड की है।

राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रवींद्रपाल सिंह ने बताया- मृतक की पहचान राजूराम (35) पुत्र पुनाराम भील निवासी लोरडी देजगरा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार तेज थी। इस दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में ड्राइवर काबू नहीं रख पाया। इसके चलते यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर ही मौत हो गई।
बस के आग लगाई
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। बस ड्राइवर के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। गुस्साई भीड़ ने कुछ ही देर में बस को आग के हवाले कर दिया। आग लगने से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर भीड़ को शांत किया गया। दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर लंबे समय से बसें तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाई जा रही हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश जारी
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है तथा बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
