जहाजपुर भीलवाड़ा से सांवरिया सालवी
अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शक्करगढ़ थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए बजरी से भरे एक ट्रेलर और उसे एस्कॉर्ट कर रही ब्रेजा कार को जब्त कर लिया।
थाना प्रभारी पूरणमल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में अवैध खनन पर सख्ती बरती जा रही है। गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रेलर और कार को रोककर जांच की, जिसमें अवैध बजरी परिवहन का मामला सामने आया।
पुलिस ने मौके से ट्रेलर चालक सहित ब्रेजा कार में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में हेमराज (23) पुत्र सोजी राम गुर्जर निवासी भेरू खेड़ा शक्करगढ़, कुलवंत (24) पुत्र देवराज सिंह निवासी शाहपुरा तथा रामप्रसाद (22) पुत्र कालू लाल गुर्जर निवासी पारोली शामिल हैं।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एमडीआर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूरणमल के साथ हेड कॉन्स्टेबल सियाराम, कॉन्स्टेबल रोहिताश और मंगलराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवेध बजरी पर शक्करगढ़ पुलिस की कार्यवाही टेलर जप्त एस्कॉर्ट कर रही ब्रेजा कार सहित तीन युवक डिटेन
