आरएसआरटीसी वेबसाइट की खामियों से यात्री परेशान, जयपुर–जोधपुर मार्ग पर अतिरिक्त वोल्वो बसों की मांग
गलत टाइमिंग, संपर्क नंबरों की कमी और शाम के समय बसों की अनुपलब्धता बनी बड़ी समस्या
शम्भू दयाल व्यास, ब्यावर
ब्यावर/जयपुर।
राजस्थान पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) की वेबसाइट पर आ रही तकनीकी खामियों और बस संचालन व्यवस्था में कमियों को लेकर यात्रियों में रोष बढ़ता जा रहा है। विशेष रूप से जयपुर–जोधपुर मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ब्यावर निवासी एवं जयपुर स्थित एक निजी कंपनी में डायरेक्टर पद पर कार्यरत चारु गहलोत ने निगम प्रशासन से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
गहलोत ने बताया कि आरएसआरटीसी की वेबसाइट पर बसों का सही बोर्डिंग टाइम प्रदर्शित नहीं किया जाता। केवल डिपार्चर टाइम (बस के प्रारंभिक स्थान से रवाना होने का समय) दिखाया जाता है, जिससे बीच के स्टॉप जैसे ब्यावर से यात्रा करने वाले यात्रियों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने हाल ही की अपनी यात्रा का उदाहरण देते हुए बताया कि वेबसाइट पर बस का समय शाम 5:30 बजे दिखाया गया, जबकि यह जोधपुर से प्रस्थान का समय था और बस ब्यावर करीब 8:30 बजे पहुंचनी थी। लेकिन बस निर्धारित समय से विलंबित होकर रात 9:00 बजे पहुंची।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान बस का नंबर या कंडक्टर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन न तो बस स्टैंड पर संबंधित जानकारी उपलब्ध थी और न ही वेबसाइट पर कोई संपर्क नंबर दिया गया था। यहां तक कि जोधपुर बस स्टैंड पर कॉल करने पर भी अधिकारियों द्वारा कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे यात्रियों को बिना सूचना के लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
गहलोत ने यह भी बताया कि वेबसाइट पर कई बसों की जानकारी अधूरी या गलत होती है। कुछ बसों की टाइमिंग वास्तविकता से मेल नहीं खाती, वहीं कई संचालित बसें वेबसाइट पर दिखाई ही नहीं देतीं। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में कठिनाई होती है।
एक अन्य महत्वपूर्ण समस्या जयपुर–जोधपुर मार्ग पर वोल्वो बसों के संचालन को लेकर सामने आई है। वर्तमान में सुबह 6:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक लगभग हर घंटे वोल्वो बस उपलब्ध है, लेकिन इसके बाद सीधे रात 10:30 बजे बस मिलती है। इस बीच के समय में कोई वोल्वो बस उपलब्ध नहीं होने से खासकर नौकरीपेशा और व्यावसायिक यात्रियों को भारी असुविधा होती है।
चारु गहलोत ने डिपो मैनेजर, ब्यावर एवं मुख्य महाप्रबंधक, जयपुर से मांग की है कि आरएसआरटीसी वेबसाइट पर सही बोर्डिंग टाइम प्रदर्शित किया जाए, बसों की अद्यतन और सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, स्टाफ के संपर्क नंबर सार्वजनिक किए जाएं तथा शाम के समय भी जयपुर–जोधपुर मार्ग पर अतिरिक्त वोल्वो बसों का संचालन शुरू किया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सेवा मिल सके।
