चुनाव कराओ लोकतंत्र बचाओ: कांग्रेस का राज्यव्यापी आंदोलन आज से शुरू

चुनाव कराओ–लोकतंत्र बचाओ: कांग्रेस का राज्यव्यापी आंदोलन आज से शुरू
शम्भू दयाल व्यास,ब्यावर
ब्यावर, 23 अप्रैल। नगरीय निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में हो रही देरी के विरोध में कांग्रेस ने “चुनाव कराओ–लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत राज्यव्यापी आंदोलन की शुरुआत 24 अप्रैल (पंचायती राज स्थापना दिवस) से करने की घोषणा की है। यह आंदोलन आगामी तीन महीनों तक प्रदेशभर में चलाया जाएगा, जिसमें जिला मुख्यालयों से लेकर गांवों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष राम यादव ने बताया कि अभियान के पहले दिन ब्यावर जिला मुख्यालय पर दोपहर 12:30 बजे पुतला दहन, धरना-प्रदर्शन किया जाएगा तथा मुख्यमंत्री के नाम जिलाधीश के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद ग्राम चौपाल, विचार गोष्ठियां, पदयात्राएं और जनसंवाद कार्यक्रमों के जरिए आमजन को जोड़ा जाएगा। साथ ही बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।

प्रदेश सचिव शैलेश शर्मा ने आरोप लगाया कि संविधान के अनुच्छेद 243 (E) एवं 243 (U) के अनुसार पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव हर पांच वर्ष में कराना अनिवार्य है, लेकिन दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, जो संविधान का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि चुनावों में देरी से विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं का संकट गहराया है।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय वित्त आयोग की करीब 1900 करोड़ रुपये की राशि लंबित पड़ी है, जिससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है। इस स्थिति के लिए राज्य सरकार के साथ चुनाव आयोग को भी जिम्मेदार ठहराया गया है।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों की घोषणा होने तक यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा और इसे गांव-गांव व शहर-शहर तक विस्तार दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *